Showing posts with label ग़ज़ल. Show all posts
Showing posts with label ग़ज़ल. Show all posts

Sunday, September 26, 2010

"अभी दूर है गाँव"

थकने लगे अभी से  क्योंकर, चंचल आतुर पाँव ?
अभी तुमे कोसों जाना हैं, अभी दूर है गाँव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

कब निकला सूरज का गोला, कब मस्तक पर आया |
चलता रहा पथिक तू धुन में, कहाँ ध्यान दे पाया |
सुरसा सी बढती परछाई, अरु तरुओं की  छाँव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

दम उखड़ा पग पनही टूटी, दुखती रही बिवाई |
जोड़-जोड़ में दर्द पिरोती, सिहर-सिहर पुरवाई |
रैन बसेरा उन्मुख पंछी, गूंजे कलरव  काँव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

देख पथिक उस नाविक को, जो नाव लिये मझधार |
धैर्य डोर से पाल संभाले, साहस से पतवार |
गाता गीत सुरीले स्वर में, खेता जाता नाव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

दीपक का है मोल तभी तक, जब तक जलती बाती |
ठहर गयी जिस ठौर नदी, वह नदी नहीं रह जाती |
चलना ही जीवन कहलाये, मौत जहाँ ठहराव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

-रघुनाथ प्रसाद       

Saturday, June 5, 2010

कहीं बरसात का पानी जरूर ठहरा है

कहीं बरसात का पानी जरूर ठहरा है.
तमाम वादियों में तिशनगी का पहरा है.

हुई है कैद चाँदनी किसी की मुट्ठी में,
चाँद निकला है मगर, स्याह रात कोहरा है .

कहीं उजड़ा है चमन बागवां के हाथों से,
किसी के सर पे सजा शानदार सेहरा है.

थकीं आजान,सबद ,शंख भजन की चीखें,
किसी के बंद दरीचे हैं ,कोई बहरा है.

लगेगा वक्त बहुत यार ,इसके भरने में,
किसी अजीज का तोहफ़ा है, जख्म गहरा है.

अदब से लीजिए प्रसाद उनकी मर्जी का,
जमीं पे खौफ का साया, फलक पे पहरा है.

- रघुनाथ प्रसाद

Saturday, November 14, 2009

"हौले से मुस्कुरा देना"

जो रात बीत गई है उसे भुला देना ।
नई सुबह को नए रंग से सजा देना ।
गुज़र गया जो वक़्त लौट के नहीं आता,
दिल-ए-नादाँ को क्यों बेवजह सज़ा देना ।

बुरा सा ख्वाब था वो, आँख खुली टूट गया,
उसी की याद लिए कल नहीं गँवा देना ।

फूल पत्थर पे खिलाएंगे, ज़िद हमारी थी,
किस लिए मौसम-ए हालत का सिला देना ।

ख़ाक हो जायेंगे जल जल के जलने वाले,
शरारा थामना हौले से मुस्कुरा देना ।

लगेगी आग तो लपटें यहाँ भी आएँगी,
सुलगती आग को वाजिब नहीं हवा देना ।

शाख़-शाख़ खिलें फूल, बुलबुलें चहकें,
वही कलम तलाशना, यहाँ लगा देना ।
-रघुनाथ प्रसाद

Saturday, November 7, 2009

"यादों के झरोखें से"

सूनी शाम सुराही खाली, भूली बिसरी यादें, हम ।
कागज़ शेष सियाही सूखी, चलते-चलते थकी कलम ।
फिसलन भरी अँधेरी राहें, गलियारों में खोई सी,
लंबा सफर दूर है मंजिल, औ सांसो की गिनती कम ।
देख रहा अंदाज़ नया अब, भौवरों के मंडराने का ।
कागज़ के फूलों पर ज्यादा, बागों की कलिओं पर कम ।
चकाचौंध में खोते देखा, नित गुमराह जवानी को,
आँख मूँद कर दौड़ लगाते, कल क्या होगा किसको गम ।
कंक्रीट के जंगल उगते, मूक जीव बेघर बदहाल,
मानवता को रफ्ता-रफ्ता, निगल रहा नित स्वार्थ अहम् ।
पीर पिरो कुछ गीत बुने, 'गुमनाम' कभी चलते चलते,
किसे पड़ी जो सुनकर करता, नाहक अपनी आँखें नम ।
-रघुनाथ प्रसाद ।

Wednesday, September 30, 2009

"तुम वफ़ा के नाम पर"

तुम वफ़ा के नाम पर, कोरी कसम खाते रहे ।
हम हकीकत की गली में, ठोकरें पाते रहे ।

बद से बदतर दिन-ब-दिन, होता रहा हाले मरीज़,
आप बस झोला लिए, आते रहे जाते रहे ।

तान सीना कह गए, घर-घर जलाएँगे चराग
और खुद ही रोशनी से, आप घबराते रहे ।

ढल चुकी है रात कलि, छंट रही अब तीरगी,
कुत्ब को तारा सुबह का, आप बतलाते रहे ।

फेंक नीचे हड्डियाँ, खाते रहे शाही कवाब,
लड़ रहे कुत्ते गली के, आप मुस्काते रहे ।

चोट उतनी ही सही, जो काबिले बर्दाश्त हो,
अब नहीं मुमकिन न चीखें, ज़ख्म सहलाते रहे ।

सड़ चुके उस घाव पर, पट्टी चढ़ाना था फिजूल,
नश्तरे जर्राह से 'गुमनाम' कतराते रहे ।

-रघुनाथ प्रसाद

Saturday, July 4, 2009

अंधेरा क्यों?

दरवाजे पर धूप खड़ी, अंदर घनघोर अंधेरा क्यों?
चौकठ पर बर्छी भाला ले पहरेदार लुटेरा क्यों?

कंधे बैठा बाज व्याध के पिंजरा कम्पा हाथ लिए,
तनी गुलेल पेड़ की टहनी चक्रव्यूह का घेरा क्यों?

घने धुन्ध में ढ़ूँढ़ रहीं हैं डैना ताने ललमुनियाँ।
कहाँ हमारा रैन बसेरा, उत्तर ने मुँह फेरा क्यों?

मेघ भटकते दिशाहीन, धरती प्यासी, अंकुर सूखें।
झंझावात तड़ित डाले, पर्वत के ऊपर डेरा क्यों?

यक्ष प्रश्न बन खड़ा, सही उत्तर कोई दे पाएगा?
पोषण का प्रहरी बन जाता, शोषक का मौसेरा क्यों?

Saturday, June 20, 2009

"जीने का मज़ा"

ज़िंदगी मक्सद जहाँ गर, फिर मज़ा जीने में है ।
क्यों शिकन चेहरे पे आए दर्द जो सीने में है ।

कत्ल करना काटना ही काम है तलवार का,
वह नुमाया हाथ में कि म्यान पशमीने में है ।

खोज ला ऐसी दवा, जड़ से मिटा दे रोग जो,
गम नहीं कड़वी सही, गर फायदा पीने में है ।

काम कोई भी न मुश्किल, ठान ले दिल में अगर,
देर है तो पहल में, शुरुआत कर देने में है ।

है कोई मसला कि जिसका हल कभी मुम्मकिन नहीं?
हौसला जज़्बा अगर, इन्सान के सीने में है ।

जी लिए अपनी ख़ुशी के वास्ते तो क्या जिए,
लुत्फ तो औरों की खातिर ज़िंदगी जीने में है ।

-रघुनाथ प्रसाद

Friday, June 12, 2009

"दर्द की दवा"

दर्द का दर्द से आसना हो गया ।
दर्द दिल का मुक्कमल फ़ना हो गया ।

फ़र्क गम और खुशी में न होता जहाँ,
उस शहर में ही अपना मकाँ हो गया ।

तीर उनके निशाने पे बेशक लगे,
जो हुए बे-असर हादसा हो गया,

जो थे कातिल उन्हीं की अदालत लगी,
खुदखुशी हमने की, फैसला हो गया ।

जिसने कश्ती दूबोई थी मझधार में,
अब सुना है, वही रहनुमा हो गया ।

सिरफिरे थे, चिरागाँ जलाते रहे,
जिसने बस्ती जलाई खुदा हो गया ।

-रघुनाथ प्रसाद

"मुस्कुरा कर विदा कीजिए"

ना दवा दीजिए ना दुआ कीजिए ।
हो सके तो मुझे भुला दीजिए ।

कुछ उकेरी थी तस्वीर मैंने कभी,
इन दिवारों पे, उनको मिटा दीजिए

जिस तस्वीर में अक्स मेरा लगे,
अपने कमरे से उसको हटा दीजिए

कोई गुजरा हुआ पल न साले जिगर,
सब खतूतों को मेरे जला दीजिए

गर हवाओं में आए हमारी-सदा,
कह-कहों में उन्हें झट दबा दीजिए

ख्वाब में ना कोई हम भरम पाल लें,
आँख लगने से पहले जगा दीजिए

आँख नम ना करें अलविदा की घड़ी,
मुस्कुरा कर मुझे अब विदा कीजिए

-रघुनाथ प्रसाद