Showing posts with label दोहे [ब्यंग्य ]. Show all posts
Showing posts with label दोहे [ब्यंग्य ]. Show all posts

Friday, June 25, 2010

दोहे

लोकतंत्र के हाट में, लोक लाज नीलाम.
जितना खोटा माल है, उतना ऊँचा दाम.

मोल तोल की दौड़ में, बिन पटरी की रेल.
ज्ञानी जन कहते इसे, राजनीति का खेल.

माया की बरसात है, दोनों हाथ बटोर.
हाथी फिरे बाजार में, स्वान मचाएं शोर.

डाल डाल पर शोर है, होगा पुनः चुनाव.
आहत पंछी नीड़ में, सहलाते हैं घाव.

गौरैया किसको चुने, किसके सर हो ताज.
इस डाली घुग्घू डटे, उस डाली पर बाज.
- रघुनाथ प्रसाद

Monday, December 7, 2009

दोहे

हाथ जल गए होम में ,परिक्रमा में पांव ।
चीर हरण की होड़ में ,पटवर्धन का गांव ।

आबादी सुरसा हुई ,आमद कृष्ण मयंक ।
शुक्ल पक्ष का चन्द्रमा , महगाई का अंक ।

पंडितजी बतला रहे ,हुए शनिश्चर बाम ।
दान हवन पूजन करें ,तभी बनेगा काम ।

देश प्रेम वाणी बसे ,देशद्रोह हिय बीच ।
ख्याति प्रतिष्ठा पा रहे ,ऐसे ही नर नीच ।

उसने धन -दौलत दिए ,तुमने थोड़ा प्यार ।
धन -दौलत आए गए ,अक्षुण लघु उपहार ।

क्रोध जगावे मुर्खता ,हरे विवेक विचार ।
जीत लिया जो क्रोध को ,कभी न होगी हार ।

हृदय बसा मत्सर वैरी ,छुप -छुप करता वार ।
जला नित्य धीरे -धीरे ,तन -मन करता छार ।
-------------------
रघुनाथ प्रसाद .

Wednesday, December 2, 2009

दोहे

बड़ी मछलियाँ लिख रहीं ,छोटी की तकदीर ।
ध्यान लगा तट पर खड़ा ,बगुला आलमगीर ।

अंकुर को सहला रहा ,जड़ बारूदी गंध ।
खिलने से पहले लुटा ,कलिओं का मकरंद ।

लोकलाज शालीनता ,गयीं दूकान समेट।
जितना ऊँचा ओहदा ,उतना लंबा पेट ।

संसद में लगने लगा ,मछली का बाजार ।
हो हल्ला हुडदंग में ,लोकतंत्र लाचार ।

नई सदी ले आ गई ,पश्चिम से पैगाम ।
जितना छोटा आवरण ,उतना ऊँचा दाम ।

कहना था सो कह दिया ,करिए आप विचार ।
पोता कर्ज चुका रहा ,दादा लिए उधार ।

...........................
रघुनाथ प्रसाद