Tuesday, July 21, 2009

पाल ये बदल डालो

कई सुराख़ नज़र आ रहे सफीने में ।
ख्वाब साहिल का मगर पाल रहे सीने में।

तिरी नज़र को यार लग गई नज़र किसकी,
लगी तलाशने दानिस्तगी कमीने में।

चलो उतर के जरा हाथ पाँव तो मारें,
कोई मानी नहीं दहशत की साँस जीने में।

कौन कहता है बेबसी है, बेसहारे हैं,
अभी दमख़म है बहुत खून में, पसीने में।

जरूरी तो नहीं हम भी उसी राह चलें,
बानाएं रास्ता मौजों के तल्ख़ सीने में।

कुतुबनुमा न सही कुत्ब रहनुमा होगा,
जुनूननो जज्बा अगर आदमी के सीने में।

हो गए तार तार पाल ये बदल डालो,
वक्त जाया न करो, बार बार सीने में।

चलो माना की यूँ 'गुमनाम' हीं फना होंगे,
नहीं पैमाना गिनो यार कभी पीने में।

- रघुनाथ प्रसाद

Saturday, July 4, 2009

कलयुग


हे मुरलीधर, मोर मुकुटधर,
गोवर्धन, गिरिधारी ।
केशव, माधव, पार्थसार्थी,
नटवर, कुंज बिहारी ।

कुटिल कंस, शकुनी, दुःशासन,
नगर-नगर पर हावी ।
अंधे राजा के हाथों में,
पड़ी कोष की चाबी ।

धर्मराज तरसे रोटी को,
भीम करें दरवानी ।
स्वस्ति गान सहदेव कर रहें,
नकुल परोसें पानी ।

बृहन्नला बन अर्जुन नाचें,
बजा-बजा कर ताली ।
चीर हरण का दंश झेलतीं,
गली-गली पांचाली ।

माखन चोर बता दो इतना,
क्या पाया उत्कोच ।
आँखें बन्द सुदर्शन कुंठित,
बदल गई है सोच ।

- रघुनाथ प्रसाद

अंधेरा क्यों?

दरवाजे पर धूप खड़ी, अंदर घनघोर अंधेरा क्यों?
चौकठ पर बर्छी भाला ले पहरेदार लुटेरा क्यों?

कंधे बैठा बाज व्याध के पिंजरा कम्पा हाथ लिए,
तनी गुलेल पेड़ की टहनी चक्रव्यूह का घेरा क्यों?

घने धुन्ध में ढ़ूँढ़ रहीं हैं डैना ताने ललमुनियाँ।
कहाँ हमारा रैन बसेरा, उत्तर ने मुँह फेरा क्यों?

मेघ भटकते दिशाहीन, धरती प्यासी, अंकुर सूखें।
झंझावात तड़ित डाले, पर्वत के ऊपर डेरा क्यों?

यक्ष प्रश्न बन खड़ा, सही उत्तर कोई दे पाएगा?
पोषण का प्रहरी बन जाता, शोषक का मौसेरा क्यों?

Tuesday, June 23, 2009

"किश्तों में रोज़ मरते हैं"

लोग उम्रे दराज़ की दुआएँ करते हैं
यहाँ ये हाल है, किश्तों में रोज़ मरते हैं

और जीने का कहीं कोई भी मकसद तो हो ?
बेवजह ख्वाब का पैबंद रफू करते हैं

किया गुनाह तो सिला गुनाह का लाजिम
वो होंगे और जो अपनी सजा से डरते हैं

गिला नसीब का करना बुजदिली यारों,
शेर दिल आप ही तकदीर लिखा करते हैं

आरजू आसमां छूने की सबकी होती,
चन्द ही लोग हवाओं का रुख पकड़ते हैं

चलो गुमनाम कहीं दूर जा के सो जाएँ,
यहाँ तो कब्र के मुर्दे भी शोर करते हैं

-रघुनाथ प्रसाद

Saturday, June 20, 2009

"जीने का मज़ा"

ज़िंदगी मक्सद जहाँ गर, फिर मज़ा जीने में है ।
क्यों शिकन चेहरे पे आए दर्द जो सीने में है ।

कत्ल करना काटना ही काम है तलवार का,
वह नुमाया हाथ में कि म्यान पशमीने में है ।

खोज ला ऐसी दवा, जड़ से मिटा दे रोग जो,
गम नहीं कड़वी सही, गर फायदा पीने में है ।

काम कोई भी न मुश्किल, ठान ले दिल में अगर,
देर है तो पहल में, शुरुआत कर देने में है ।

है कोई मसला कि जिसका हल कभी मुम्मकिन नहीं?
हौसला जज़्बा अगर, इन्सान के सीने में है ।

जी लिए अपनी ख़ुशी के वास्ते तो क्या जिए,
लुत्फ तो औरों की खातिर ज़िंदगी जीने में है ।

-रघुनाथ प्रसाद

Tuesday, June 16, 2009

प्यार की तलाश

तन बदन छलनी किया , तपती सलाखें गोध कर ।
गीत गाती बांसुरी , जब थाम ले उसको अधर ।

बदनुमा बेडौल पत्थर भी , नुमाइश में सजे ,
गर तबियत से तराशा जाए उसको ढूंढ़ कर ।

इस चमन में फूल खिलते गीत गातीं बुलबुलें ,
मुस्कुराते हम अगर सुख दुःख निवाला बांटकर ।

मोम पत्थर को करे , तासीर इतना प्यार में ,
आजमा के देख लें ख़ुद , ख़ुदनुमाई छोड़कर ।

हमनिवाला हमसफर हमराज सारे खो गए ,
हम नहीं दिखते कहीं अब , मैं हुआ सारा शहर ।

बेरहम बेदिल जहाँ को छोड़कर जाता चला ,
दिल भले टूटा हो लेकिन मैं न टूटा इस कदर ।

काश ! ये होता पता , रिश्ते महज व्यापार हैं ,
दूर इतना दूर जाता फिर नहीं आता इधर ।

- रघुनाथ प्रसाद

Monday, June 15, 2009

कुछ दर्द बाँट दीजिये

अब आइये जनाब ज़रा पास आइये ,
क्या कहना चाहते हैं , कुछ तो बताइये ।

अरसे से कैद लगते, मन में कई सवाल ,
आखें बता रहीं हैं, जितना छुपाइये ।

ज़ख्मों को छुपाने से नासूर ही बनेगें ,
कुछ दर्द बाँट दीजिए, कुछ खुद उठाइये ।

साहिल पे डूबने से , बेहतर है मेरे यार ,
कुछ हाथ पाँव फेंकिये गोते लगाइए ।

यूँ भागते रहेंगे , कब तक डरे - डरे ,
रुकिए जरा मुड़कर कोई पत्थर उठाइए ।

-रघुनाथ प्रसाद