Sunday, July 3, 2011

गीत

झील सी ठहरी नदी में कौन यह कंकड़ उछाला ?

एक हलचल सी हुई ,
उठने लगीं सोयी तरंगें |
लो!लगीं विस्तार लेने ,
चूमने को तट तरगें |
चीरता निस्तभ्धता निस्पंद नभ का रव निराला |
झील सी ठहरी नदी में कौन यह कंकड़ उछाला ?

तार वीणा के खिचे तो ,
तार सप्तक झनझनाया |
शांत सहमे पंछियों ने ,
एक स्वर में गीत गाया |

चीख कर नन्हा भुजंगा व्याध का छीना निवाला |
झील सी ठहरी नदी में कौन यह कंकड़ उछाला ?

उड़ चले नभ में पखेरू ,
प्रगति पथ पर पंक्ति बांधे |
नीड़ नवनिर्माण का ,
संकल्प ले ,उच्छ्वास साधे |

रात काली तिलमिलाई ,झांकता नभ से उजाला |
झील सी ठहरी नदी में कौन यह कंकड़ उछाला ?

                      रघुनाथ प्रसाद

Wednesday, June 8, 2011

gajal

केवल उस तकिये ने देखा ,बिन मौसम बरसात |
जिसने दिया सहारा सर को ,तनहा सारी रात |

कितना दर्द  दबा रक्खा ,दिल के तहखाने ने ,
मुस्काती आँखें हरजाई ,कह दी सारी बात |

जलता तिल-तिल झिलमिल-झिलमिल स्नेह भोर की आस ,
अदना दीपक क्षीण वर्तिका ,उसपर झंझावात |

मस्त फकीरा खाली झोली ,लेकिन हृदय विशाल ,
भीख दया की उसे न भाये ,ना कोई खैरात |

बिस्तर धरती अम्बर चादर ,घर सारा संसार ,
तोलेगा दौलत से उसको ,किसकी ये अवकात|

बिन बोले कुछ चलागया कल ,ना जाने किस ओर ,
छोड़ गया कुछ खट्टे- मीठे ,अनुभव के सौगात |

                                रघुनाथ प्रसाद

Wednesday, December 15, 2010

अशआर पेशे खिदमत फसले बहार के |
उल्लू तमाम काबिज डाली अनार के |

इस अंजुमन में होना गर आप को शरीक,
तो आइये शर्मोहया गैरत उतार के |

आने लगेगी खुशबू बदबू सनी गली से,
ना हो यकीं तो देखें दो घूंट मार के |

किससे करेंगे बातें होशोहवास की,
बैठे हैं शेख साहब सागर डकार के |

गंजे के हाथ में वो कंघी थमा के बोले,
महफ़िल में आप बैठें जुल्फें संवार के |

दौलत मुकाम शोहरत आयेंगे आप चलके,
पहने इजार कुरता अचकन उतार के |

अब तो खुदा से यारों है इल्तजा हमारी,
दरिया को मय से भर दे,पानी निकारके |

"गुमनाम" है वो शायर जिसने कभी न पी,
चल तालियाँ बटोरें पीकर उधार के |
             -----------------------
             रघुनाथ प्रसाद

Monday, December 13, 2010

जब इच्छाओं का ज्वार थम जाए ,
संवेदनाओं की अनुभूति कम जाए ,
प्रतिकार ,समझौता पर थम जाए ,
उदगार वर्फ सा जम जाए ,
         तो समझ लें ,बुढापा आ गई .

जब आस-पास धुंधलका छाये ,
दूर दृष्टी प्रखर हो जाए ,
सहज हो औरों को समझाना ,
पर खुद को समझा न पायें ,
      तो समझलें,बुढापा आ गई .

जब स्मृति भूत से जुड़ने लगे ,
वर्त्तमान कपूर सा उड़ने लगे,
जो भी प्रश्न करें खुद से,
यक्ष प्रश्न बन बिसूरने लगे,
        तो समझलें बुढापा आ गई .

जब कदम साहस के, डगमगाने लगें,
अभिव्यक्ति के स्वर लडखडाने लगे,
भटकाने लगें चिर परीचित राहें,
तिनके का सहारा लुभाने लगे,
      तो समझलें बुढापा आ गई.

जब अपने ही अंग विद्रोह पर उतरें,
कहिये कुछ, कुछ और  कर गुजरें,
जब गजल ठुमरी,सकुचाने लगे,
मन वीणा निर्गुण सुनाने लगे,
    तो समझलें बुढापा आ गई

               रघुनाथ प्रसाद .

Sunday, September 26, 2010

अनोखा तर्क

छोटा था बुधिया जब मेरे घर आती थी
शौचालय धोती थी, मैला उठाती थी
बदले में अन्न और बचा-खुचा भोजन कुछ,
दो रुपये मासिक तनख्वाह मात्र पाती थी
बबुआजी कहती वह, स्नेहसिक्त नज़रों से,
दूर से निहार, बड़े प्यार से बुलाती थी
जिज्ञासु बालक मन, प्रश्न किया मैया से,
बुधिया क्या कुतिया है इतना भय खाती हो
दूर रखवाती क्यों उसका कटोरा तुम ?
दूर से ही ऊपर से रोटी गिराती हो
मैया निरुत्तर थी, भृकुटी कमान हुई
बिलख पड़ा, दादी तब गोद में उठाई थी
बालक भगवान रूप, समझे क्या छूत-छात,
बड़ा होगा समझेगा, दादी समझाई थी
याद मुझे शाम एक, माघ का महिना था
बुधिया के बर्तन को हाथ मैं लगाया
दादा का रौद्र रूप, घर में कोहराम मचा,
मुझसे क्या भूल हुई, समझ नहीं पाया था
देह लेप गोबर से, बहार के कूएँ पर,
बजते थे दांत, तीन बार मैं नहाया था
गंगाजल, तुलसीदल लेने के बद कहीं,
देह ढाँप कपडे से, आँगन में आया था
सात साल बाद एक और शाम यादगार ,
पढ़कर विद्यालय,जब मैं घर आया था
देखा दरवाजे पर,बुधिया के बेटे को,
साथ-साथ दादा के,आसन जमाया था
तैर गए प्रश्न कई,एक साथ आँखों में,
सात साल पहले का दृश्य याद आया था
अनुभवी आँखों ने,भाव पढ़े आँखों के ,
दादा ने पास बड़े प्यार से बुलाया था
बुधिया का बेटा यह,साहब का चपरासी,
दादा ने नन्हकू से परिचय करवाया था
रहा नहीं मेहतर अब,धर्म से इसाई है,
दादा का तर्क पुन:समझ नहीं पाया था
----------------
रघुनाथ प्रसाद

गीत

जिस दिन से हो गई परायी, रिश्तों की पहिचान |
रोते-रोते विदा हो गई, होठों से मुस्कान |

चलते-फिरते लोग लगें ज्यों, हिलती-डुलती छाया |
औपचारिक संवाद रसीले, हृदय हीन है काया |
माया की ऊंगली में डोरी, कठपुतली इंसान -
रोते-रोते विदा हो गई, होठों से मुस्कान |

जितना जोड़े सुख के साधन, सुख से उतनी दूरी |
चप्पन भोग सजी थाली, पर ललचाती मजबूरी |
क्षणिक स्वांस के अंकगणित में, उलझा मन नादान -
रोते-रोते विदा हो गई, होठों से मुस्कान |

तोषक तकिया, पलंग मसहरी, नींद कहाँ से लाये |
चिंता की गठरी लादे मन, भटके राह न पाये |
बंद सभी खिड़की दरवाज़े, शंकित सहमा प्राण -
रोते-रोते विदा हो गई, होठों से मुस्कान |

जिस परिकल्पित सुख के पीछे, निशदिन दौड़े भागे |
पास पहुँच कर पाता उसको, दूर खड़ा वह आगे |
कस्तूरी मृग सा चंचल मन, खुद से ही अनजान -
रोते-रोते विदा हो गई, होठों से मुस्कान |

- रघुनाथ प्रसाद 

उषा दर्शन

सिसकती धरा, अश्रु आँचल भिंगोते |
विदा हो रही यामिनी रोते-रोते |

खिसकने लगे मुहँ छिपाते सितारे |
हुआ चाँद धूसर, शितिज को निहारे |
परिंदे चहकने लगे, छोड़ खोंते |
विदा हो रही यामिनी रोते-रोते |

अकेला गगन में खड़ा शुक्र तारा |
मुखर हो चला है जलाशय किनारा |
छलकते घड़े अंग चूनर भिंगोते |
विदा हो रही यामिनी रोते-रोते |

दिये बुझ गए अंततः झिलमिला के |
सँजोया तरल स्नेह सारा लुटा के |
लगी भागने जिंदगी भोर होते |
विदा हो रही यामिनी रोते-रोते |

दमकने लगा हिम शिखर का कँगूरा |
बिछा स्वर्ण चादर, छुपा रंग भूरा |
उड़ा हंस लहरों पे मोती पिरोते | 
विदा हो रही यामिनी रोते-रोते |          

"अभी दूर है गाँव"

थकने लगे अभी से  क्योंकर, चंचल आतुर पाँव ?
अभी तुमे कोसों जाना हैं, अभी दूर है गाँव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

कब निकला सूरज का गोला, कब मस्तक पर आया |
चलता रहा पथिक तू धुन में, कहाँ ध्यान दे पाया |
सुरसा सी बढती परछाई, अरु तरुओं की  छाँव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

दम उखड़ा पग पनही टूटी, दुखती रही बिवाई |
जोड़-जोड़ में दर्द पिरोती, सिहर-सिहर पुरवाई |
रैन बसेरा उन्मुख पंछी, गूंजे कलरव  काँव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

देख पथिक उस नाविक को, जो नाव लिये मझधार |
धैर्य डोर से पाल संभाले, साहस से पतवार |
गाता गीत सुरीले स्वर में, खेता जाता नाव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

दीपक का है मोल तभी तक, जब तक जलती बाती |
ठहर गयी जिस ठौर नदी, वह नदी नहीं रह जाती |
चलना ही जीवन कहलाये, मौत जहाँ ठहराव |
.......... मुसाफिर अभी दूर है गाँव |

-रघुनाथ प्रसाद       

Saturday, September 25, 2010

"कैसा तेरा गाँव ?"

कैसा तेरा गाँव साथिया,कैसा तेरा गाँव?
कहीं फसल सूखे मुर्झाए,कहीं बहाए बाढ़.
कहीं जलातीं लू की लपटें,कहीं ठंढ की मार.
कहीं काँपती थर-थर गुरवत,जलता कहीं अलाव .
साथिया ..........
नदियाँ स्वयं नीर पी जाएँ,तरुवर फल खा जाएँ .
भूखे प्यासे पशु परिंदे,नाहक आस लगाए .
बूढ़ा बरगद ओढ़े बैठा,अपनी शीतल छाँव .
साथिया ..........
यमन,विलावल,अहिर भैरवी,ध्रुपद,राग दरबारी .
कजरी,आल्हा,बिरहा,ठुमरी,तोड़ी,राग पहाड़ी .
होड़ लगी है ताल ठोककर,सरगम में टकराव .
साथिया ..........
देती क्या सन्देश अराजक भेद-भाव की भाषा .
ध्वज,परचम,डंडे पर चढ़कर,बन्दर करें तमाशा.
गली-गली विस्फोट धमाका,चौराहे पथराव .
साथिया ..........
धरती खोदे महल उठाये,ये कैसी चतुराई ?
जितना ऊँचा उठा मुडेरा,उतनी गहरी खाई .
देखो कहीं कहर ना ढाए,मौसम का बदलाव .
साथिया ..........
रघुनाथ प्रसाद

Friday, September 24, 2010

सरिता

शैशव सी निर्मल निश्छल ,चंचल कल-कल जल धारा. 
किलक-किलक गिरती उठती,मुखरित पर्वत गलियारा .
रवि की प्रथम किरण चुपके,आती छू-छू कर जाती .
सतरंगी परिधान पहन तब,इत-उत दौड़ लगाती .
खेल-खेल में हुई किशोरी,उच्छ्रिन्खल इतराती.
कभी दौड़ टीले पर चढ़ती,कभी कहीं छुप जाती .
पता कहाँ उस पगली को,किस पथ है उसको जाना .
उसे सुहाता उछल-कूद,बस आगे कदम बढ़ाना .
प्रकृति गोद में पली- बढ़ी,यौवन ने रूप निखारा .
निर्झरणी उद्दाम हुई,दुबली-पतली जल धारा .
राह बनी जिस ओर गई वह,लहराती बल खाती .
तोड़-फोड़ जंगल पर्वत,यौवन मद में इठलाती .
पर्वत से उतरी जैसे,समतल धरती पर आई .
लगी नवेली दुलहन हो ज्यों,शर्मीली सकुचाई .
तट की सीमा में सिमटी,घूँघट तरुओं का डाल .
डोली में दुल्हन जाए,जैसे अपने ससुराल .
मंथर गति कल-कल करती वह, आगे बढ़ती जाए.
नई वधु आँगन में रुन-झुन,पायल ज्यों खनकाए .
डगर-डगर अमृत बाँटे,फसलों में प्राण जगाए .
आह्लादित ममता मानो,शिशु को पयपान कराये .
नारी-रूपा,सुधा-तरंगिनी,जन-जीवन आधार .
तटिनी,निर्झरणी शैवालिनी,तुम्हें नमन शत बार .

वसंत

प्रातः की गुन-गुनी धूप में सिहरन का एहसास .
ले संदेसा पछेया आई ,आ पहुंचा मधुमास
पादप के पीले पत्ते अब ,गीत फागुनी गाते.
डाल छोड़ कर नाच हवा में ,धरती पर सो जाते .
टेंसू का गदराया यौवन ,गाल हो गए लाल ,
अमराई में बौर लदगए ,झुकी आम की डाल .
सरसों में दाने भर आये ,फुनगी पर कुछ फूल .
अलसी सर पर कलसी थामे ,राह गई ज्यों भूल .
खड़ा मेंड़ पर लिये लकुटिया ,कृषक हाथ कटी थाम .
झूम-झूम गेहूं की बाली ,झुक-झुक करे सलाम .
पछेया तो हो गई बावरी ,करने लगी ठिठोली .
धरती पर से धूल उठाकर ,लगी खेलने होली .
दंभ ,द्वेष ,मनमैल,भेद ,जलगए होलिका संग ,
गले मिले पुलकित आह्लादित ,भाँति-भाँति के रंग
मिटा गया आयु की सीमा ,कैसा यह ऋतुराज .
होली के मदमस्त ताल पर ,झूम रहे सब आज .
दंतहीन पिचके गालों पर पसरा रंग गुलाबी ,
जाने क्या सन्देश दे गया ,यह मधुमास शराबी .

              रघुनाथ प्रसाद

Thursday, September 23, 2010

आखिरी पडाव का सफ़र

आखिरी पडाव का सफ़र, माथे पर झुरमुठ की छावं |
सहलाते बैठकर यहाँ, थके हुए पीठ और पाँव |
मिलते ही मीत हो गए,  अनजाने हमउम्र लोग,
अद्भुत अपनापन का भाव, साले मन किंचित वियोग |
अपने मेहमान बन गए, औपचारिक सेवा सद्भाव |

विरल श्वेत बादलो के बीच, झाँक रहा धूसर मयंक |
पंछी सब एक डाल के, ना कोई राजा ना रंक |
कलरव में निर्गुण की धुन, सरगम में कम्पन ठहराव |

चिबुक संग नासिका मिली, दसन गए खुला छोड़ द्वार |
जिह्वा निर्बाध दौड़ती, चौकठ ना कोई दीवार |
शब्द उलझ कंठ में फंसे, मन में कुछ कहने की चाव |

बचपन की यादों के पल, जोड़ते हैं बात की कड़ी |
हंस लेते बैठ कर यहाँ, हृदय खोल रोज दो घडी |
बतरस के भिन्न भिन्न रंग, अनुभव में किंचित टकराव |

जटिल कई प्रशन अनछुए ,सहज लगे बाँट परस्पर |
चेहरे की गहरी शिकन, पल भर को जाती पसर |
चलते ही साथ हो लिए, चिंता तनहाई तनाव |

यन्त्रवत प्रचंड वेग से सडकों पर भागती सी भीड़ |
दाने तलाशने उड़े विहग बृंद छोड़-छोड़ नीड़ |
अपने दिन याद आ रहे, आया अब कितना बदलाव |
          -----------------------------------
                     -रघुनाथ प्रसाद

Wednesday, August 25, 2010

ग़ज़ल "ये ज़रूरी नहीं जो भी कहे जुबान कहे"

ये जरुरी नहीं जो भी कहे जुबान कहे .
सिलें जो होठ ,ये जमीं वो आसमान कहे .

किसी अदब किसी जुबान से नहीं मुम्किन .
जो बात नजर कहे ,पलक बेजुबान कहे .

जरूर इर्द गिर्द मुफलिसी पली होगी ,
आसमां चूमता ये महल आलिशान कहे

कोई सदमा जरुर दिल में दबा रक्खा है .
तिरी लबों की हंसी ,यार बाईमान कहे.

हवा का रुख बता रहा बहार आएगी ,
झडे हैं शाख के पत्ते ,शजर वीरान कहे .

बड़े सिद्दत से बागवां इन्हें पाला होगा ,
महकते फूल ,दिलफरेब गुलिस्तान कहे .
                 रघुनाथ प्रसाद

Saturday, July 24, 2010

मुखौटा

दिखने में होने में अंतर ,कितना होता यह जग जाहिर .
भ्रम तो दुनियां को छलने का ,हम स्वयं आप को छलते हैं .

किस मोह पाश का बंधन यह ,आखिर कैसी यह मज़बूरी ,
चेहरे पर कृत्रिम शान ओढ़ ,अपनो के बीच निकलते हैं .

सारे खिड़की दरवाजों पर ,पहरे का बोझ उठाते फिर ,
हर नजर झांकती सी लगती इतना लोगों से डरते हैं .

जाने क्या सुख सहमी सकुची ,संदिग्ध हवा में जीने का ,
इस घुटन भरी गलियारे में,जीने पर गौरव करते हैं .

साहस का शाल ओढ़ कर भी ,कायरता कहाँ छुपा पाते ,
है यही वजह कि दर्पण के ,सन्मुख जाने से डरते हैं .

उन्मुक्त हवा में जीने का ,अद्भुत आनंद कहाँ पाते ,
मानस में पनपे हीन भाव ,अनुकूल हवा में फलते हैं.

           रघुनाथ प्रसाद

Friday, July 23, 2010

uplabdhiyan :ak prashn

धरती सागर नभमंडल क्या
हम पहुंचे चाँद-सितारों तक
हम छान चुके निर्झर नदियाँ
जंगल हिमशिखर पहाड़ों तक .

अवनी ताल की गहराई से
खनिजों को खोद निकाला है
फिर जाँच-परख ,संशोधित कर
इच्छित सांचों में ढाला है .

सदियों पहले ,सागर तल की
गहराई तक हम झांक चुके
रत्नाकर के तहखाने में
क्या-क्या संचित हम आँक चुके .

क्या जीव-जंतु क्या वनस्पति
संरचना सब की जान गए .
हर तंतु-तंतु की जटिल क्रिया
जांची विधिवत ,पहचान गए .

शीशे की नलिकाओं में हम
मानव का बीज उगा सकते
पौधों की कलम कवन पूछे
हम अपनी कलम उगा सकते .

हम वायु वेग से सफ़र करें
बिजली से बातें करते हैं
पल भर में विश्व मिटाने की
क्षमता का भी दम भरते हैं .

वैचित्र्य प्रकृति का अनावृत
करके देखा परखा जाना
पर हे मानव तूने अब तक
क्या स्वयं स्वयं को पहचाना ?

       रघुनाथ प्रसाद

Thursday, July 22, 2010

gazal

एक ही कश्ती में निकले साथ हम हो के सवार .
मौत मेरी ख़ुदकुशी ,उनका शहीदों में शुमार .

नज्म मेरी थी मुसलसल ,आप ने आवाज दी ,
आप सर आँखों पे बैठे ,शक्ल मेरी नागवार .

रात को भी रात कहिये ,तो उन्हें लगता बुरा ,
कबतलक उजड़े चमन को ,हम कहें बागे बहार .

रात दिन जो एक कर ,गढ़ता इमारत उम्र भर ,
सर पे उसके छत नहीं ,ना पेड़ कोई सायेदार

आदमी हर दौर का तो ,एक सा होगा नहीं ,
काम आएगी नहीं ,हर बार चंगेजी कटार .

पर क़तर परवाज के ,हैं मुतमईन लेकिन जनाब ,
फद्फदाया फिर उड़ा वह ,देखिये आँखे पसार .

पर्वती सैलाब शायद ,रोकना मुमकिन नहीं ,
काम आएँगी नहीं 'गुमनाम'राहें पेंचदार .
           रघुनाथ प्रसाद

Monday, July 5, 2010

वहशी हवा का झोका

वहशी हवा का झोका, पर्दा उठा दिया.
कातिल हसीन चेहरा, उरियां दिखा दिया.

इस ओर भजन कीर्तन, उस ओर से नमाज.
दरम्यान मयकदे का रुतवा बढ़ा दिया.

हर काफिया गजल का दहाड़ने लगा,
साकी ने आज शायद, खालिस पिला दिया.

उड़ते रहे हवा में, देखे हसीन ख्वाब,
टूटा नशा तो सीधे, धरती पे ला दिया.

मनहूसियत रवां थी, होली की शाम को,
दो घूंट मिला ठर्रा, होली मना लिया.

जख्मे जिगर हमारा, भरने लगा शायद,
नश्तर बतौर तोहफा, उसने थमा दिया.

हैवानियत के आगे, खुलती नहीं जुबान,
इंसानियत को किसने, बुजदिल बना दिया.

हर रोज उछलता है 'गुमनाम' ये सवाल.
वाजिब जवाब कोई, अबतक कहाँ दिया.

            -  रघुनाथ प्रसाद

Wednesday, June 30, 2010

ग़ज़ल

तेल सारा जल गया, भींगी हुई बाती तो है.
टिमटिमाती लौ सही वह, राह दिखलाती तो है.

एक पत्ता भी दरख्तों का, नहीं गिरता यहाँ,
लोग कहते तेज आंधी, बारहा आती तो है.

आज भी ठंढा है चुल्ल्हा, लौट कर बिल्ली गई,
आ चलो अब सो पड़े, माँ लोरिआं गाती तो है.

वो गए सो फिर न आये, लोग समझाते रहे,
चिट्ठियों के मार्फ़त, उनकी दुआ आती तो है.

फैसला इजलास का, इक उम्र में मुमकिन नहीं,
शुक्र है हर माह इक, तारीख पड़ जाती तो है.

गम नहीं जो हादसे में, शहर के कुछ घर जले,
सेंकने को रोटियां, कुछ आग मिल जाती तो है.

आप मादरजाद नंगा हो गए तो क्या हुआ?
बेहयाई देख कर, खुद शर्म शर्माती तो है.
::::::::
-रघुनाथ प्रसाद

Tuesday, June 29, 2010

गीत गाता हूँ चमन के पंछियों से सुर मिला के

पीर रिसती हृदय के हर तंतु से तब तिलमिला के .
गीत गाता हूँ चमन के पंछियों से सुर मिला के .

तार वीणा के खिंचे तब मीड का विस्तार होता ,
तार पर मिजराब के आघात से झंकार होता ,
थाप खा मिरदंग बजता ,ताल में सुर लय मिला के .
गीत गाता हूँ चमन के पंछियों से सुर मिला के

बांसुरी के हृदय में इतने अगर ना छेद होते ,
टेर में संगीत मधुरिम किस तरह वादक पिरोते .
बांस नलिका साज बनती ,तप्त छड से तन जला के .
गीत गाता हूँ चमन के पंछियों से सुर मिला के .

पीर अपनी या पराई ,या विरह की वेदनाएं ,
या विषम परिवेश की ,संचित गहन संवेदनाएं .
युग समय का गीत गढ़ती अश्रु से दीपक जला के .
गीत गाता हूँ चमन के पंछियों से सुर मिला के .

               - रघुनाथ प्रसाद

Friday, June 25, 2010

गीत

इतिहास सवारे दुनियां का, अपना भूगोल गवां बैठे.
सुख दुःख में फर्क नहीं कोई, ऐसे मुकाम पर आ बैठे.

धरती सूरज चंदा चलते तो, मौसम आप बदलता है,
होना बदलाव सुनिश्चित है, मन में विश्वास जमा बैठे.

बस सदा कर्म से नेह रहा, फल की आशा बेमानी था,
तोड़े नाते सब ग्रंथों से, गीता से नेह लगा बैठे.

हम ने केवल चलना सीखा, चलते रहना चलते जाना,
पग ने मापी इतनी दूरी, मंजिल का पता भुला बैठे.

मेवा उसका खुद चखने को, कोई अखरोट लगाता क्या?
थी सुनी कहानी बचपन में, सिद्धांत वही अपना बैठे.

साधें केवल हित अपना ही, फिर अंतर क्या पशु मानव में,
क्या यही प्रगति का मार्ग उचित, जो सहज आज अपना बैठे.

- रघुनाथ प्रसाद